Kaushlendra Pandey /नई दिल्ली: भारत को वैश्विक गोल्फ पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए केंद्रीय पर्यटन मंत्री Gajendra Singh Shekhawat ने नई दिल्ली में इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग (IGPL) के आधिकारिक फ्रेंचाइजी लॉन्च कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग का 2 बिलियन अमेरिकी डॉलर निवेश लाने का संकल्प सिर्फ एक खेल पहल नहीं, बल्कि “ब्रांड इंडिया में एक रणनीतिक निवेश” है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह पहल भारत के पर्यटन और खेल क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में अहम भूमिका निभाएगी।
मंत्री के अनुसार, IGPL का उद्देश्य भारत को एक प्रीमियम गोल्फ पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करना है। इस पहल के तहत खेल, पर्यटन और अवसंरचना विकास का समेकित मॉडल अपनाया जा रहा है, जिससे देश में उच्च-मूल्य वाले अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों और निवेशकों को आकर्षित किया जा सके।
इस परियोजना से देश में गोल्फ कोर्स, पर्यटन सुविधाओं और संबंधित इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास को बढ़ावा मिलेगा, जिससे रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
पर्यटन मंत्रालय के अनुसार, यह पहल भारत की वैश्विक पहचान को सुदृढ़ करने और प्रीमियम पर्यटन सेगमेंट में देश की हिस्सेदारी बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
(कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी)



























