अमित राय- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बंगाली नववर्ष (पोइला बैसाख) के पूर्व संध्या पर कोलकाता के प्रसिद्ध कालीघाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
ममता बनर्जी ने मां काली के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए पूरे बंगालवासियों के कल्याण के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने नकुलेश्वर भैरव मंदिर और जगन्नाथ मंदिर में भी दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कालीघाट मंदिर और मां काली के दर्शन उन्हें हर बार एक अद्भुत मानसिक शांति प्रदान करते हैं। उन्होंने अपने बचपन की यादों का जिक्र करते हुए बताया कि हर साल मां के साथ इस मंदिर में आकर पूजा करना उनके जीवन का अहम हिस्सा रहा है।
ममता बनर्जी ने समाज में एकता और भाईचारे का संदेश देते हुए कहा कि “मानवता, आपसी सम्मान और प्रेम ही सच्चा धर्म है। जाति, धर्म और वर्ग से ऊपर उठकर लोगों से प्यार करना ही सबसे बड़ा मूल्य है।”
पोइला बैसाख के अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
(रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी)





























