Kaushlendra Pandey / भीषण गर्मी को देखते हुए जलापूर्ति योजनाओं की सतत क्रियाशीलता बनाये रखने हेतु जलापूर्ति योजनाओं का संचालन, रख-रखाव एवं अनुरक्षण को सुदृढ़ बनाने तथा सामुदायिक संतुष्टि के उच्चतम स्तर को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा विभागीय अभियंताओं के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विभाग के सचिव श्री पंकज कुमार पाल द्वारा की गई। इस अवसर पर पेयजल से सम्बंधित समस्याओं का निर्धारित समयावधि में समाधान हेतु MIS (सूचना प्रबंधन प्रणाली) एवं CGRC (केंद्रीयकृत शिकायत निवारण कोषांग) से संबंधित कार्यों तथा इनसे संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान सचिव के द्वारा निर्देशित किया गया कि जलापूर्ति योजनाओं के संचालन एवं पेयजल व्यवस्था बनाये रखने हेतु क्षेत्रीय अभियंता अपने कर्तव्यों का निर्वहन संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व के साथ करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक नए संवेदक बहाल नहीं हो जाते, तब तक वर्तमान व्यवस्था के माध्यम से ही सभी योजनाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों का त्वरित निष्पादन नहीं होने पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सचिव ने यह भी कहा कि जिलाधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए जलापूर्ति योजनाओं के विद्युत विपत्र एवं पंप चालकों के मानदेय का भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा वार्ड स्तर पर योजनाओं की सतत निगरानी एवं क्रियाशीलता बनाए रखी जाए। कार्य में लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध चेतावनी के बावजूद सुधार नहीं होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सात निश्चय अंतर्गत “हर घर नल का जल” योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करें।
सचिव ने बताया कि लगभग 30 हजार जलापूर्ति योजनाओं की निगरानी अब IOT डिवाइस के माध्यम से की जाएगी, जिससे योजनाओं की रियल टाइम अनुश्रवण होगा एवं ससमय समस्याओं का समाधान सुनिश्चित होगा।
गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी पदाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है। पंचायत स्तर पर भू-जल स्तर की सतत निगरानी करते हुए नियमित प्रतिवेदन मुख्यालय को भेजने तथा जहां जल स्तर में गिरावट की समस्या चिन्हित हो, वहां वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।


























