Kaushlendra Pandey / नई दिल्ली: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री Shivraj Singh Chouhan ने कृषि भवन, नई दिल्ली में NAFED और NCCF के साथ उपार्जन संबंधी उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने साफ कहा कि जिन मंडियों में बाजार भाव MSP से नीचे चल रहे हैं, वहां किसानों से प्रभावी और समयबद्ध खरीद हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिवराज सिंह चौहान ने NAFED और NCCF को निर्देश दिया कि जिला स्तर पर खरीद केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाए, किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो और खरीद क्षमता को मजबूत किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से चना, मसूर, उड़द और सरसों जैसी फसलों की खरीद पर फोकस करने को कहा, क्योंकि कई राज्यों में इन फसलों के बाजार भाव MSP से नीचे चल रहे हैं।
बैठक में किसानों को भुगतान समय पर करने पर भी जोर दिया गया। मंत्री ने निर्देश दिया कि खरीद के बाद किसानों को 72 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाए ताकि किसानों को आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
समीक्षा बैठक में विभिन्न राज्यों में खरीद व्यवस्था की स्थिति पर भी चर्चा हुई। कई राज्यों में तकनीकी और भुगतान संबंधी समस्याओं को जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए।
रिपोर्ट : कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी

























