दीघा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत कार्यान्वित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा जिला पदाधिकारी, पटना द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक में की गई
Kaushlendra Pandey /दीघा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत कार्यान्वित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा जिला पदाधिकारी, पटना द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक में की गई। बैठक में क्षेत्रीय विकास कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया गया।
समीक्षा बैठक में माननीय विधायक दीघा विधानसभा श्री संजीव चौरसिया, उप विकास आयुक्त, जिला योजना पदाधिकारी, बुडको के परियोजना निदेशक सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं अभियंता उपस्थित थे। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के अंतर्गत चल रहे सड़क निर्माण, नाला निर्माण, जल निकासी, सामुदायिक सुविधाओं के विकास तथा अन्य आधारभूत संरचना संबंधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित कार्य एजेंसियों एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना तथा नागरिकों को बेहतर जीवन-स्तर उपलब्ध कराना है। इसलिए योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
माननीय विधायक श्री संजीव चौरसिया ने बैठक में कहा कि दीघा विधानसभा क्षेत्र में तीव्र गति से शहरीकरण हो रहा है, जिसके कारण आधारभूत सुविधाओं की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के माध्यम से क्षेत्र में सड़क, नाला एवं अन्य विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि आम जनता की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का लाभ शीघ्र धरातल पर दिखाई दे।
बैठक में विभिन्न योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, जिन योजनाओं में तकनीकी अथवा प्रशासनिक बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं, उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने समीक्षा के दौरान कार्य एजेंसी बुडको को नियमित मॉनिटरिंग एवं स्थल निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति पर सतत निगरानी रखी जा सके। जिला योजना पदाधिकारी ने योजनाओं से संबंधित अद्यतन प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया।
बुडको के परियोजना निदेशक द्वारा बताया गया कि अधिकांश योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यों को पूर्ण कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाएगा।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता के अनुरूप शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है तथा आम नागरिकों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।