Kaushlendra Pandey पटना: बिहार में शिक्षक अभ्यर्थियों के प्रदर्शन और लगातार उठ रही मांगों के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा फैसला लिया है। पटना में हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग को शिक्षक बहाली की प्रक्रिया को नियमित और पारदर्शी बनाने का निर्देश दिया है।
सरकार की ओर से ऐलान किया गया है कि अगले 5 वर्षों में राज्य में कुल 1 लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इसके तहत हर वर्ष कम से कम 20 हजार शिक्षकों की बहाली सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि अब शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया को तय समयसीमा के तहत संचालित किया जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग द्वारा वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाएगा, ताकि अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया की जानकारी पहले से मिल सके और अनिश्चितता की स्थिति समाप्त हो।
सरकार के मुताबिक, प्रत्येक वर्ष जुलाई महीने में शिक्षक नियुक्ति का विज्ञापन जारी किया जाएगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से परीक्षा, रिजल्ट और नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
बैठक में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ BPSC TRE-4 बहाली को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति जरूरी है।
शिक्षक अभ्यर्थियों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। लंबे समय से नियमित बहाली कैलेंडर और रिक्त पदों पर पारदर्शी नियुक्ति की मांग की जा रही थी।
कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी





























