Kaushlendra Pandey पटना: राष्ट्रीय जनता दल के नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री Tejashwi Yadav ने केंद्र की NDA सरकार और बिहार सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी तथा रुपये की गिरावट को लेकर तीखा हमला बोला है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि 25 जुलाई 2013 को प्रधानमंत्री बनने से पहले Narendra Modi ने कहा था कि केंद्र सरकार और रुपये के गिरने में प्रतिस्पर्धा चल रही है, लेकिन आज भारतीय रुपया ऐतिहासिक रूप से कमजोर स्थिति में पहुंच चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के नेतृत्व में पिछले कई वर्षों से रुपये में लगातार गिरावट हो रही है और आम जनता पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है।
राजद नेता ने कहा कि सरकार देश को दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्था बताती है, लेकिन आम लोगों की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। उन्होंने दावा किया कि महंगाई, बेरोजगारी और गरीबी ने नए रिकॉर्ड बना दिए हैं तथा बिहार जैसे गरीब और पिछड़े राज्य की स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है।
तेजस्वी यादव ने एलपीजी गैस, पेट्रोल-डीजल, खाद-बीज, राशन, दाल, तेल, दूध और रोजमर्रा की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि “डबल इंजन सरकार” के पास महंगाई पर नियंत्रण के लिए कोई ठोस रोडमैप नहीं है।
उन्होंने कहा कि बिहार में बेरोजगारी, गरीबी और महंगाई तेजी से बढ़ रही है और सरकार जनता की समस्याओं के समाधान में विफल साबित हो रही है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य में शासन व्यवस्था की स्थिति ऐसी हो गई है मानो सरकार का कोई प्रभावी अस्तित्व ही नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि NDA सरकार को आम जनता की परेशानियों की कोई चिंता नहीं है।
कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी




























