सौरभ निगम /कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी/दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री Bhupender Yadav ने दिल्ली-एनसीआर एयर पॉल्यूशन एक्शन प्लान की समीक्षा बैठक में कई अहम निर्देश दिए। बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री Rekha Gupta भी मौजूद रहीं।
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने प्रदूषण नियंत्रण उपायों के क्रियान्वयन में मौजूद कमियों पर चिंता जताई और रोड डस्ट नियंत्रण, इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट, इलेक्ट्रिक व्हीकल ट्रांजिशन तथा ठोस कचरा प्रबंधन से जुड़े कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण के लिए केवल योजनाएं बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना आवश्यक है।
केंद्रीय मंत्री ने गैर-अनुरूप क्षेत्रों में संचालित उद्योगों के खिलाफ निरीक्षण अभियान तेज करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरणीय मानकों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के खिलाफ जिला प्रशासन की सहभागिता से उचित कार्रवाई की जाए, जिसमें जरूरत पड़ने पर ऐसे उद्योगों का स्थानांतरण, नियमितीकरण या बंद करना भी शामिल हो।
सरकार का मानना है कि वायु प्रदूषण की चुनौती से निपटने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय, तकनीकी उपायों का इस्तेमाल और कड़े निगरानी तंत्र की आवश्यकता है।




























