Kaushlendra Pandey नई दिल्ली।केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि खरीफ 2026 सीजन के लिए देश पूरी तरह तैयार है। उन्होंने यह बात नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय खरीफ कृषि सम्मेलन के दौरान मीडिया से चर्चा में कही।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि सम्मेलन में राज्यों के कृषि मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों, वैज्ञानिकों, कृषि विश्वविद्यालयों, कृषि विज्ञान केंद्रों (KVK), प्रगतिशील किसानों तथा केंद्र और राज्य सरकार की कृषि टीम के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान बीज, उर्वरक, फसल बीमा, कृषि ऋण, प्राकृतिक खेती और राज्यवार कृषि रोडमैप जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ठोस दिशा तय की गई।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। खरीफ सीजन को सफल बनाने के लिए सभी राज्यों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, प्राकृतिक खेती और वैज्ञानिक पद्धतियों को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी




























