नई दिल्ली, 7 जुलाई। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मंगलवार को नई दिल्ली में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुलाकात की। बैठक में राज्य में ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और गांवों के समग्र विकास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने “विकसित भारत–जी-राम जी (VB G-RAM G)” तथा अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने ग्राम स्तर पर चल रहे विकास कार्यों के सकारात्मक परिणामों पर भी विचार-विमर्श किया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राजस्थान ने VB G-RAM G योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ तेजी से ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच रहा है।
बैठक में बताया गया कि ग्राम सभा और ग्राम पंचायत स्तर पर नियमित बैठकों के माध्यम से यह तय किया जा रहा है कि प्रत्येक गांव में किन विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। इसी योजना के तहत वर्ष भर में लगभग 12,000 करोड़ रुपये तक खर्च कर गांवों के समग्र एवं सुव्यवस्थित विकास का लक्ष्य रखा गया है।
दोनों नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से ग्रामीण आधारभूत संरचना, आजीविका, रोजगार और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को और प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया।





























