नई दिल्ली, 7 जुलाई। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को नई दिल्ली में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत मिशन 70 लाख पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने दिल्ली सरकार की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि अंधाधुंध पेड़ों की कटाई के कारण पर्यावरण का संतुलन लगातार बिगड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ओजोन परत में बड़े-बड़े छिद्र बनने और पृथ्वी के तापमान में वृद्धि जैसी गंभीर चुनौतियां मानवता के सामने हैं।
उन्होंने कहा कि इस संकट से निपटने का सबसे प्रभावी उपाय कार्बन डाइऑक्साइड और कार्बन मोनोऑक्साइड के उत्सर्जन को कम करना है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि वृक्ष ही प्राकृतिक रूप से इन गैसों को अवशोषित कर पर्यावरण को संतुलित रखने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसी सोच के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की शुरुआत की है, ताकि प्रत्येक नागरिक अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सके।
उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने और लगाए गए पौधों की देखभाल का भी आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और जनभागीदारी को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।





























