Kaushlendra Pandey /पटना, 7 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अभिषेक कुमार ‘बंटी’ को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी ने पूर्व विधायक एवं वर्तमान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के करीबी माने जाने वाले अभिषेक कुमार बंटी पर दांव लगाकर चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बांकीपुर सीट पर भाजपा ने स्थानीय संगठन, नितिन नवीन के जनाधार और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। माना जा रहा है कि पार्टी ने इस चुनाव में कायस्थ मतदाताओं के साथ-साथ पारंपरिक भाजपा वोट बैंक को साधने की रणनीति अपनाई है।
बांकीपुर सीट भाजपा का मजबूत गढ़ रही है। नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद यह सीट खाली हुई, जिसके लिए उपचुनाव कराया जा रहा है। भाजपा की कोशिश इस सीट पर अपना लगातार जीत का सिलसिला कायम रखने की है, जबकि विपक्ष भी पूरी ताकत से मैदान में उतर चुका है।
अभिषेक कुमार बंटी की उम्मीदवारी के साथ बांकीपुर का चुनाव अब प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है। आने वाले दिनों में सभी प्रमुख दलों के बीच प्रचार तेज होने की संभावना है।



























