रोजगार के नए अवसर खोल रहा योगासन खेल, पटना में सातवीं राज्य स्तरीय चैंपियनशिप का आगाज़
पटना, 2 अगस्त। पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के इनडोर स्टेडियम में शनिवार से सातवीं राज्य स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं विधान पार्षद हरि साहनी तथा भू-राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अतिरिक्त सचिव डॉ. महेंद्र पाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह में प्रदेशभर से पहुंचे सैकड़ों खिलाड़ियों ने मार्चपास्ट और योग प्रदर्शन से आकर्षक शुरुआत की।
मुख्य अतिथि हरि साहनी ने कहा कि योग केवल भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर ही नहीं, बल्कि आज रोजगार के क्षेत्र में भी नए अवसर पैदा कर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और बिहार सरकार द्वारा योगासन को खेल के रूप में लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। बिहार सरकार की “मेडल लाओ, नौकरी पाओ” योजना के तहत अब योगासन खिलाड़ियों को भी बेहतर अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने विश्व योगासन प्रतियोगिता में बिहार के खिलाड़ियों द्वारा पांच पदक जीतने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता में राज्य के 28 जिलों से आए 500 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में बालक-बालिका, किशोर-किशोरी, युवा और प्रौढ़ वर्ग के प्रतिभागी छह अलग-अलग इवेंट में अपने योग कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। कठिन योगासन और संतुलित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को प्रभावित किया।
बिहार योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन की सचिव डॉ. रानी सिंह ने कहा कि इस बार प्रतियोगिता में प्रदेश के दूर-दराज़ ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में खिलाड़ी पहुंचे हैं, जो योगासन खेलों के प्रति युवाओं के बढ़ते आकर्षण का प्रमाण है। वहीं एसोसिएशन के अध्यक्ष चन्द्रशेखर प्रसाद ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
उद्घाटन समारोह में पतंजलि फूड के जोनल मैनेजर श्याम कुमार, राष्ट्रीय अधिवक्ता कल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता धर्मनाथ प्रसाद यादव तथा बिहार योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के वरीय संरक्षक गणेश खेतड़ीवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता का समापन सोमवार को पदक वितरण समारोह के साथ होगा। फिलहाल पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का इनडोर स्टेडियम योगासन खिलाड़ियों के जोश, अनुशासन और प्रतिभा से गुलजार है।
— कंट्री इनसाइड न्यूज़ एजेंसी