रामेश्वर महाविद्यालय में प्राचार्य, शिक्षक , कर्मचारी और छात्र छात्राओं ने प्रधानमंत्री के नशा मुक्त युवा विकसित भारत डिजिटल संवाद को लाइव सुना और सार्थक परिचर्चा हुई आयोजित
मुजफ्फरपुर । नशा मुक्त युवा विकसित भारत अभियान के अन्तर्गत माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन से रामेश्वर महाविद्यालय मुजफ्फरपुर के प्राचार्य प्रो. श्यामल किशोर के नेतृत्व में आइक्यूएसी सभाकक्ष में महाविद्यालय के प्राध्यापक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, एनएसएस और एनसीसी के स्वयंसेवक तथा छात्र – छात्राएं जुड़े । सुबह से ही प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनने के लिए छात्र – छात्राओं सहित पूरा महाविद्यालय परिवार उत्साहित रहा । प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनने के बाद छात्र – छात्राएं काफी उत्साहित दिखे । प्राचार्य प्रो. श्यामल किशोर ने उत्सुक छात्र – छात्राओं को देखकर अपनी प्रसन्नता जाहिर की । उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के सेवन से न केवल उस व्यक्ति का नुकसान होता है बल्कि संबंधित व्यक्ति के पूरे परिवार की सामाजिक, आर्थिक क्षति होती है तथा उसकी शैक्षणिक गतिविधियों सहित सामाजिक, मनोवैज्ञानिक और गंभीर शारीरिक समस्याएं भी उत्पन्न हो जाती हैं जिससे संबंधित व्यक्ति की क्षति होती है । प्रो. श्यामल ने प्रधानमंत्री जी के इस डिजिटल अभियान को मादक पदार्थों के दुरुपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने, रोकथाम संबंधी पहलों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, स्वस्थ और उत्पादक जीवन शैली को बढ़ावा देने, सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने और नशामुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने की उम्मीद के रूप में परिभाषित किया ।
एनसीसी के कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. रजनी रंजन ने स्वयंसेवकों से सार्थक संवाद किया और उनके सवालों का भी जवाब दिया ।
एनएसएस की प्रभारी डॉ. सुमित्रा कुमारी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया । उन्होंने बताया कि इस तरह के विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन हमारी इकाई द्वारा समय – समय पर किए जाते हैं जिसका उद्देश्य छात्र – छात्राओं को जागरूक करना रहता है ।
नशा मुक्त युवा विकसित भारत डिजिटल अभियान कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन उर्दू विभाग के अध्यक्ष डॉ. वसीम रेजा ने किया । इस संवाद अवसर पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं छात्र – छात्राओं की उपस्थिति रही ।