एसएमएफजी इंडिया क्रेडिट कंपनी लिमिटेड, मुजफ्फरपुर शाखा द्वारा रामेश्वर महाविद्यालय के रामेश्वर स्मृति उद्यान में वृक्षारोपण कार्यक्रम संपन्न
मुजफ्फरपुर । पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के निर्माण के उद्देश्य से एसएमएफजी इंडिया क्रेडिट कंपनी लिमिटेड, मुजफ्फरपुर शाखा के तत्वावधान में रामेश्वर महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर के रामेश्वर स्मृति उद्यान में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया । कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्यामल किशोर तथा एसएमएफजी इंडिया क्रेडिट कंपनी लिमिटेड, मुजफ्फरपुर के ब्रांच हेड रंजीत कुमार सहित कंपनी एवं महाविद्यालय के शिक्षक और कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से वृक्षारोपण किया । इस दौरान विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए । उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया ।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. श्यामल किशोर ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व का आधार भी हैं । वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाना और लगाए गए पौधों का संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है ।
उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थान विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करने के महत्वपूर्ण केंद्र हैं । महाविद्यालय परिसर में इस प्रकार के कार्यक्रमों के आयोजन से विद्यार्थियों और युवाओं को प्रकृति संरक्षण के प्रति प्रेरणा मिलती है । रामेश्वर स्मृति उद्यान को और अधिक हरित एवं आकर्षक बनाने के लिए भविष्य में भी इस तरह के प्रयास जारी रखने की आवश्यकता है ।
एसएमएफजी इंडिया क्रेडिट कंपनी लिमिटेड, मुजफ्फरपुर शाखा के ब्रांच हेड रंजीत कुमार ने कहा कि कंपनी सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध है । पर्यावरण संरक्षण आज पूरे समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है । वृक्षारोपण के माध्यम से न केवल वर्तमान पीढ़ी के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी सुरक्षित पर्यावरण का निर्माण किया जा सकता है ।
प्रो. रजनी रंजन ने कहा कि पौधारोपण करना केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं है बल्कि यह पर्यावरण के लिए बहुत जरूरी है और साथ-साथ उनकी देखभाल करना भी महत्वपूर्ण है । उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को केवल एक अभियान तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए ।
इस अवसर पर महाविद्यालय प्रशासन की ओर से हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. संदीप कुमार सिंह ने एसएमएफजी इंडिया क्रेडिट कंपनी लिमिटेड, मुजफ्फरपुर शाखा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी एवं कंपनी के प्रबंधक आयुष, विजय कुमार,सोनू कुमार, चंदन कुमार, रंजीत कुमार,अमन कुमार आदि उपस्थित रहे ।