भोजपुर की धरती पर ‘फरक्का जलसंधि संवाद’ की भव्य सफलता, अंजुम आरा ने JDU कार्यकर्ताओं और आमजन का जताया आभार
Kaushlendra Pandey /भोजपुर। जनता दल (यूनाइटेड) की ओर से भोजपुर की ऐतिहासिक धरती पर आयोजित ‘फरक्का जलसंधि संवाद’ कार्यक्रम को लेकर पार्टी की ओर से उत्साह जताया गया है। कार्यक्रम की प्रभारी एवं जेडीयू नेत्री अंजुम आरा ने आयोजन की सफलता के लिए पार्टी के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
अंजुम आरा ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा कि कार्यक्रम की सफलता जेडीयू के ऊर्जावान साथियों, कर्मठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कार्यक्रम में हजारों की संख्या में पहुंचने वाले आम लोगों और प्रबुद्ध नागरिकों का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया।
उन्होंने जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के प्रति विशेष आभार प्रकट करते हुए कहा कि भोजपुर की ऐतिहासिक धरती पर उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया और एक महत्वपूर्ण संदेश दिया।
कार्यक्रम में जनता दल (यूनाइटेड) के मुख्य सचेतक संजय गांधी की भी उपस्थिति रही। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के बीच ‘फरक्का जलसंधि संवाद’ में जल संसाधन और इससे जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद को प्रमुखता दी गई।
अंजुम आरा ने कहा कि बड़ी संख्या में आम जनमानस की सहभागिता ने इस संवाद को ऐतिहासिक बना दिया। उन्होंने जेडीयू परिवार के सभी साथियों को कार्यक्रम की सफलता पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास और जनता की भागीदारी ही ऐसे आयोजनों को सफल बनाती है।
कार्यक्रम के बाद अंजुम आरा का यह संदेश जेडीयू संगठन के भीतर कार्यकर्ताओं के उत्साह और भोजपुर में पार्टी की सक्रियता को रेखांकित करता है।