जद (यू0) के एकदिवसीय ओरिएंटेशन प्रोग्राम का नीतीश कुमार ने किया शुभारंभ
Kaushlendra pandey /18 सितम्बर 2026, पटना।शुक्रवार को जद (यू0) प्रदेश कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में जदयू विधानमंडल दल के मा0 सदस्यों के लिए आयोजित एकदिवसीय ओरिएंटेशन प्रोग्राम का शुभारंभ पार्टी के मा0 राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने किया। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री संजय कुमार झा, जद (यू) के मा0 प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा, बिहार सरकार के मा0 उप-मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चैधरी, बिहार सरकार के मा0 स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत, जद (यू0) विधायक दल के नेता सह मंत्री श्री श्रवण कुमार, विधान परिषद के उपसभापति डाॅ0 प्रो. रामवचन राय, विधानसभा के उपाध्यक्ष श्री नरेंद्र नारायण यादव, विधान परिषद में सत्तारूढ़़़ दल के उप-नेता श्री ललन कुमार सर्राफ, मुख्य सचेतक श्री संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी एवं विधानमंडल के सदस्यगण मौजूद रहे।
इस कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध संस्थान ‘पीआरएस लेजिसलेटिव रिसर्च’ के विशेषज्ञों ने पार्टी के विधायकों एवं विधान पार्षदों को उनकी विधायी जिम्मेदारियों, सदन की कार्यप्रणाली तथा नीति एवं कानून निर्माण से जुड़़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। एकदिवसीय ओरिएंटेशन प्रोग्राम के दौरान पांच प्रमुख विषयों पर विशेषज्ञों के द्वारा संवाद किया गया। इनमें विधायी जिम्मेदारियां एवं समितियां, कानून निर्माण की प्रक्रिया को समझना, भारत में हालिया विधायी घटनाक्रम, राज्य के बजट को समझना तथा बिहार की अर्थव्यवस्था एवं राज्य का वित्त शामिल रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में अपने संबोधन के दौरान श्री संजय कुमार झा ने कहा कि बहुत सारे साथी पहली बार चुनाव जीतकर आए हैं। विधायी जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से निभाने के लिए उन्हें प्रशिक्षित करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से दिल्ली से विशेषज्ञों की टीम को बुलाकर कानून बनाने की प्रक्रिया, बजट कार्य और सदन की कार्यप्रणाली से जुड़़ी जानकारी दी गई है। किसी राजनीतिक दल की ओर से बिहार में पहली बार इस तरह का ओरिएंटेशन प्रोग्राम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि 2025 के विधानसभा चुनाव में जनता ने जिस तरह का जनादेश दिया है, उससे हमारी जिम्मेदारी भी बढ़ी है। जनता की हमसे अपेक्षाएं हैं और हमें उन अपेक्षाओं पर खरा उतरना है। श्री संजय कुमार झा ने कहा कि हमारी सबसे बड़़ी पूंजी हमारे नेता मा0 श्री नीतीश कुमार का 20 वर्षों का काम है। उनके काम की वजह से उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़़ रही है। हमें उन्हीं के काम और उनकी
विकास की राजनीति को लेकर आगे बढ़़ना है। उन्होंने कहा कि एक तरफ राज्य का मुख्य विपक्षी दल है, जिसकी पहचान उसकी ‘तेल पिलावन रैली’ आयोजित करने वाली पार्टी के रूप में रही है। वहीं दूसरी तरफ जद (यू0) है, जो हमेशा जनसरोकार के मुद्दों को लेकर चलती रही है। यही अंतर है कि आज जद (यू0) अपने विधायकों और विधान पार्षदों को बेहतर विधायी कार्य के लिए तैयार करने के उद्देश्य से इस तरह का ओरिएंटेशन प्रोग्राम आयोजित कर रही है।
इस मौके पर श्री निशांत ने कहा कि यह ओरिएंटेशन प्रोग्राम निश्चित रूप से पार्टी के विधानमंडल के सदस्यों के लिए उपयोगी साबित होगा और इससे जनहित के कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 के बाद बिहार में विधि व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। उस समय जो भय, अपराध और अपहरण का वातावरण था, उसे समाप्त कर शांति और सौहार्द का माहौल स्थापित किया गया। उन्होंने कहा कि श्री नीतीश कुमार ने ‘ट्रिपल सी’ यानी Crime, Corruption और Communalism से कभी समझौता नहीं किया और वे भी इस नीति से कभी समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि श्री नीतीश कुमार ने हमेशा यह सीख दी है कि राजनीति पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का अवसर है। इसी ध्येय के साथ वे बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूती देने तथा पार्टी के तमाम कार्यकर्ता साथियों के साथ मिलकर जद (यू0) को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जद (यूूू0) समाजवादी संस्कारों पर चलने वाली पार्टी है। सुशासन और न्याय के साथ विकास हमारा मूलमंत्र है। हम लोग सदन में हों या सदन के बाहर, हमें एनडीए को एकजुट रखते हुए चट्टानी एकता के साथ पिछले 20 वर्षों के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। साथ ही, उन्होंने विधानमंडल के सदस्यों से कहा कि वे अपने क्षेत्रों में बूथ स्तर तक जाएं और मतदाताओं से संवाद स्थापित करें, उनके सुख-दुख के साथी बनें तथा उन तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करें। साथ ही, यह देखें कि उनकी बेहतरी के लिए और क्या किया जा सकता है।
धन्यवाद ज्ञापन करते हुए मा0 प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि मैं हमारे नेता मा0 श्री नीतीश कुमार का आभार प्रकट करता हूं कि उन्होंने समय निकालकर इस कार्यक्रम में शिरकत की और अपने कर-कमलों से इसका शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि साथियों, आज इस अवसर पर मुझे यह कहने में कोई हिचक नहीं है कि पार्टी का भविष्य हमारे नेता एवं मा0 स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत हैं। मैं यह भी पूरे दावे के साथ कह सकता हूं कि पार्टी का भविष्य सुरक्षित और मजबूत हाथों में है। उन्होंने अपनी कार्यशैली और जनसेवा के जरिए बेहद कम समय में जन-जन के दिलों में जगह बनाई है। श्री कुशवाहा ने कहा कि आज पहली बार बिहार में किसी राजनीतिक दल की ओर से इस तरह के ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया है। साथ ही, मैं राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जी का भी धन्यवाद देता हूं कि वे सदैव ऐसे विषयों को लेकर मुखर रहते हैं। उन्होंने तमाम मा0 विधायकों एवं मा0 विधान पार्षदों का भी धन्यवाद देते हुए कहा कि आप लोगों ने इस कार्यक्रम की अहमियत को समझा और उत्साहपूर्वक अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।