20वें रोजगार मेले में प्रधानमंत्री मोदी ने 51 हजार से अधिक युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र
सौरभ निगम / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20वें रोजगार मेले में देशभर के नवनियुक्त युवाओं को 51 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश के विकास और आत्मनिर्भरता की यात्रा का महत्वपूर्ण आधार है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय युवाओं की प्रतिभा और कौशल पर दुनिया का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता के क्षेत्र में भारतीय युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। खास बात यह है कि भारत की स्टार्टअप कहानी अब केवल बड़े महानगरों तक सीमित नहीं है। करीब आधे मान्यता प्राप्त स्टार्टअप टियर-2 और टियर-3 शहरों में हैं।
प्रधानमंत्री ने मुक्त व्यापार समझौतों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे भारतीय उद्यमियों के लिए नए बाजार और साझेदारियां खुल रही हैं तथा युवाओं के लिए रोजगार और करियर के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को सरकारी सेवा से जोड़ने की पहल को प्रधानमंत्री ने विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण कदम बताया।