गांधी जयंती पर निशांत ने किया बापू को नमन, ‘जीविका के 20 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में हुए शामिल
Kaushlendra Pandey पटना: गांधी जयंती के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत जी ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इसके बाद पटना स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में ‘नीतीश संवाद’ के तहत आयोजित ‘जीविका के 20 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान जीविका की दो दशकों की गौरवशाली यात्रा और बिहार की ग्रामीण महिलाओं के जीवन में आए बदलावों को याद किया गया।
वर्ष 2006 में शुरू हुई जीविका की पहल ने बिहार की महिलाओं को आत्मनिर्भरता और स्वाभिमान की नई राह दिखाई। महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के विचारों से प्रेरणा लेते हुए जीविका ने ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
नीतीश कुमार के नेतृत्व में शुरू हुई इस पहल से आज लाखों स्वयं सहायता समूह जुड़े हैं और करीब दो करोड़ जीविका दीदियों तक इसका विस्तार बताया गया है। कृषि, पशुपालन, स्वरोजगार और उद्यमिता के माध्यम से जीविका दीदियां अपने परिवार की आर्थिक मजबूती के साथ बिहार की प्रगति में भी योगदान दे रही हैं।
कार्यक्रम में जीविका को और मजबूत करने तथा हर दीदी को रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के नए अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारीगण और बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित रहीं।