Kaushlendra Pandey / पटना से कंट्री इनसाइड न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट।प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर आज पटना में उत्साह और राजनीतिक सरगर्मी देखने को मिली। पटना एयरपोर्ट पर जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं माननीय राज्यसभा सांसद श्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उनके बिहार आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के दौरान बिहार की राजनीति में एनडीए की एकजुटता और आपसी समन्वय का संदेश भी देखने को मिला।
प्रधानमंत्री का यह बिहार दौरा राज्य के विकास और बुनियादी ढांचे के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान बहुप्रतीक्षित कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन गंगा पुल का लोकार्पण भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण है। इस पुल को ‘नीतीश सेतु’ नाम दिया गया है, जो बिहार के सड़क एवं परिवहन नेटवर्क को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
बिहार के विकास में केंद्र और राज्य सरकार के साझा प्रयासों को इस दौरे के जरिए नई गति मिलने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार की मुलाकात एवं आत्मीयता ने राजनीतिक गलियारों में भी खास चर्चा पैदा की है।
प्रधानमंत्री के स्वागत के साथ ही पटना में आज का दिन बिहार के विकास और एनडीए की राजनीतिक एकजुटता के लिहाज से महत्वपूर्ण बन गया है।