Kaushlendra Pandey / प्रधान जनगणना अधिकारी-सह-जिलाधिकारी, पटना द्वारा भारत की जनगणना, 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं आवास गणना) के अंतर्गत 17 अप्रैल से प्रारंभ होने वाले स्व-गणना के संबंध में बैठक की गई तथा पदाधिकारियों को आवश्यक निदेश दिया गया। इसकी अवधि 17 अप्रैल से 01 मई, 2026 तक है।
स्व-गणना संबंधी पोर्टल https://se.census.gov.in/� है। सरकार द्वारा स्व-गणना (सेल्फ-एन्यूमरेशन) फ्लोचार्ट नागरिक प्रक्षेत्र (पब्लिक डोमेन) में जारी किया गया है। इसका अनुसरण कर कोई भी नागरिक सुविधाजनक ढंग से सेल्फ-एन्यूमरेशन कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि आप स्व-गणना की प्रक्रिया में अवश्य भाग लें। उन्होंने पदाधिकारियों को भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त का कार्यालय, गृह मंत्रालय, भारत सरकार तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निदेश दिया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना का सफल संचालन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पदाधिकारीगण सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध होकर प्रावधानों के अनुरूप कार्य करें।
— कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी




























