Kaushlendra Pandey / जद (यू) प्रदेश प्रवक्ता श्री हिमराज राम, प्रदेश प्रवक्ता श्री परिमल कुमार एवं मीडिया पैनलिस्ट डॉ मधुरेंदु पांडेय ने जारी बयान में कहा कि बिहार की विकास यात्रा आज एक नए आत्मविश्वास और उम्मीद की कहानी बन चुकी है। यह परिवर्तन अचानक नहीं आया, बल्कि माननीय नीतीश कुमार के दृढ़ संकल्प, धैर्य और सतत प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने ऐसे समय में राज्य की बागडोर संभाली थी, जब बिहार कई चुनौतियों और अंधकारमय परिस्थितियों से जूझ रहा था। उनके नेतृत्व में बिहार ने कानून-व्यवस्था से लेकर बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। आज गांव-गांव तक सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंच चुकी हैं, जिससे आम लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव आया है। माननीय नीतीश कुमार ने हमेशा विकास को केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे लोगों के जीवन में महसूस होने वाला परिवर्तन बनाया। उनके कार्यकाल में समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की नीति ने सामाजिक समरसता और विश्वास को मजबूत किया है। आलोचनाओं और राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपने मार्ग से कभी विचलित नहीं हुए। उनका अडिग संकल्प ही वह शक्ति रहा, जिसने बिहार को पिछड़ेपन की छवि से निकालकर विकास और आत्मसम्मान की दिशा में आगे बढ़ाया है। आज बिहार न केवल अपने अतीत की छाया से बाहर निकल चुका है, बल्कि भविष्य की ओर आत्मविश्वास के साथ अग्रसर है। यह यात्रा अभी जारी है, और जनता के सहयोग से राज्य को और अधिक सशक्त, समृद्ध और विकसित बनाने का संकल्प और भी मजबूत हुआ है।


























