पटना, 20 मई। जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. के निर्देश पर पटना शहर में बुधवार को लगातार 16वें दिन भी अतिक्रमण उन्मूलन अभियान चलाया गया। प्रशासन, नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन, राजस्व, पथ निर्माण, स्वास्थ्य, अग्निशमन, विद्युत एवं अन्य विभागों की संयुक्त टीमों ने विभिन्न अंचलों में अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित एसडीओ एवं एसडीपीओ को निर्देश दिया है कि अभियान का नियमित पर्यवेक्षण करें तथा दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए फॉलो-अप टीम लगातार सक्रिय रखें। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अतिक्रमण तथा यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाएगी।
नूतन राजधानी अंचल में आर ब्लॉक से जीपीओ गोलंबर होते हुए स्टेशन गोलंबर और वीणा सिनेमा हॉल तक सड़क के दोनों किनारों से अतिक्रमण हटाया गया। यहां ₹19,500 जुर्माना वसूला गया। पाटलिपुत्र अंचल में बोरिंग रोड चौराहा से राजापुर पुल तक अभियान चलाकर ₹18,500 का जुर्माना वसूला गया।
पटना सिटी अंचल में नाला पर से गुरु गोविंद सिंह लिंक पथ होते हुए बाईपास थाना तक अतिक्रमण हटाया गया, जहां एक लोहे का काउंटर जब्त किया गया और ₹4,600 जुर्माना वसूला गया। कंकड़बाग अंचल में टेम्पो स्टैंड, मीट शॉप, मलाही पकड़ी और जीरो माइल क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान चार ठेले ध्वस्त किए गए तथा एक हाईवा गिट्टी जब्त किया गया।
इसके अलावा फुलवारीशरीफ, अजीमाबाद, बांकीपुर, दानापुर निजामत और खगौल क्षेत्रों में भी अभियान चलाया गया। पूरे अभियान के दौरान विभिन्न अंचलों में कुल ₹54,900 जुर्माना वसूला गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि आदतन अतिक्रमणकारियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी तथा दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर अनिवार्य रूप से प्राथमिकी दर्ज होगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में पुनः अतिक्रमण नहीं होने दिया जाए।
#पटना #अतिक्रमणहटाओअभियान #DM_Patna #TrafficManagement #पटनानगरनिगम #बिहार_समाचार #कंट्रीइनसाइडन्यूजएजेंसी



























