पटना, 20 मई। बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार से राष्ट्रीय जनता दल के विधायक कारी शौहेब, पूर्व विधायक निरंजन राय तथा मुजफ्फरपुर जिला राजद अध्यक्ष रमेश गुप्ता ने मुलाकात कर पशु व्यापारियों के साथ कथित मारपीट, दुर्व्यवहार एवं गैर-संवैधानिक पुलिसिया कार्रवाई के मामले में अविलंब संज्ञान लेने की मांग की।
राजद प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी को आवेदन सौंपते हुए कहा कि हाल के दिनों में जिस प्रकार की कार्रवाई हो रही है, उससे पशु व्यापारियों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि बिना निष्पक्ष जांच के किसी भी प्रकार की कार्रवाई उचित नहीं है और सरकार को इस मामले में गंभीरता से हस्तक्षेप करना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व कानून को हाथ में लेकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता है, ताकि कानून और संविधान के अनुसार सभी को न्याय मिल सके।
राजद नेताओं ने मांग की कि पशु व्यापारियों के साथ हो रहे कथित उत्पीड़न की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए तथा राज्य में भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
#RJD #BiharPolice #VinayKumar #पटना #पशुव्यापारी #बिहार_राजनीति #राजद #कंट्रीइनसाइडन्यूजएजेंसी





























