Kaushlendra Pandey / पटना, 20 मई। लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी पटना के निर्देश पर जिले के 17 नगर निकायों एवं 26 अंचलों में आमजन के लिए विशेष पेयजल व्यवस्था की गई है। सार्वजनिक स्थलों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में राहगीरों, रिक्शा चालकों, श्रमिकों, दुकानदारों तथा आम लोगों के लिए नि:शुल्क प्याऊ एवं पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
प्रशासन के अनुसार पटना जिला में 17 नगर निकायों द्वारा कुल 400 स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही 15 आश्रय स्थलों का भी संचालन किया जा रहा है, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) द्वारा 46 चलंत चापाकल मरम्मति दलों को विभिन्न प्रखंडों में तैनात किया गया है। पीएचईडी पटना पूर्व और पश्चिम के नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेयजल का कोई संकट नहीं है तथा सभी चापाकलों को चालू रखने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में खराब चापाकलों की सूचना मिलने पर मरम्मति दलों द्वारा तत्काल मरम्मत कराई जाएगी। वहीं नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त संख्या में प्याऊ की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन ने बताया कि चापाकल मरम्मति, हर घर नल का जल एवं ग्रामीण पेयजल योजनाओं से संबंधित शिकायतों के लिए जिला नियंत्रण कक्ष भी कार्यरत है। लोग सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, पटना पूर्व (0612-2225796) एवं पटना पश्चिम (0612-2280879) में शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायतों, हाट-बाजारों, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
#पटना #भीषणगर्मी #पेयजलव्यवस्था #DMPatna #PHED #HeatWave #बिहारसमाचार #कंट्रीइनसाइडन्यूजएजेंसी

























