Kaushlendra Pandey पटना, 01 जून। कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी.
लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार में प्रस्तावित 11 सैटेलाइट टाउन परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, भूमि अधिग्रहण, स्वीकृतियों तथा निर्माण कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैटेलाइट टाउनशिप परियोजनाएं बिहार में सुनियोजित शहरीकरण को नई दिशा देंगी। इन परियोजनाओं के माध्यम से न केवल आधुनिक आवासीय सुविधाओं का विस्तार होगा, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि अधिग्रहण, विभिन्न विभागीय स्वीकृतियों तथा अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं में आने वाली बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बढ़ती शहरी आबादी की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक और सुव्यवस्थित शहरों का विकास समय की मांग है। सैटेलाइट टाउनशिप परियोजनाएं इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होंगी, जिससे नागरिकों को बेहतर आवास, आधारभूत संरचना, परिवहन, स्वास्थ्य एवं अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद बिहार के शहरी विकास का नया अध्याय शुरू होगा और राज्य विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ेगा।




























