विकास सिंह /रांची | कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी/झारखंड के मुख्यमंत्री Hemant Soren ने सोमवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में राज्यसभा चुनाव-2026 के मद्देनज़र सत्तारूढ़ गठबंधन के मंत्रियों और विधायकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में राज्यसभा चुनाव से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने गठबंधन के सभी जनप्रतिनिधियों से एकजुटता, बेहतर समन्वय और पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी सहयोगी दल मजबूती के साथ चुनाव मैदान में हैं और सभी को मिलकर गठबंधन के दोनों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करनी है।
बैठक के दौरान चुनावी रणनीति, मतदान प्रक्रिया और संगठनात्मक समन्वय पर भी विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि गठबंधन के सभी विधायक एकजुट होकर चुनाव में सफलता हासिल करेंगे।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, राज्यसभा चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ गठबंधन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं और यह बैठक उसी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जा रही है।
— कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी





























