पटना ब्यूरो , 9 जून। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल ने राजद नेता तेजस्वी यादव द्वारा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर की गई टिप्पणी को लेकर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव की बयानबाजी उनकी राजनीतिक हताशा और निराशा को दर्शाती है। जनता ने उनके नेतृत्व को पहले ही नकार दिया है, जिसके कारण वे लगातार अनर्गल बयान दे रहे हैं।
प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करना राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि एक कहावत है, “खिसयानी बिल्ली खम्भा नोचे” और तेजस्वी यादव का वर्तमान राजनीतिक आचरण इसी कहावत को चरितार्थ कर रहा है। विधानसभा चुनाव से पहले ही वे स्वयं बतौर सीएम शपथ ग्रहण समारोह की तारीख और समय तय करने लगे थे, लेकिन बिहार की जनता ने उनके दावों को सिरे से खारिज कर दिया।
भाजपा प्रवक्ता पटेल ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का निर्णय सर्वोपरि होता है। जनता ने एनडीए पर भरोसा जताया और राजद को विपक्ष की भूमिका सौंपी। दुर्भाग्य की बात है कि तेजस्वी यादव आज तक विपक्ष के नेता की जिम्मेदारी को गंभीरता से नहीं निभा पाए हैं। जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक सुझाव देने के बजाय वे केवल आरोप-प्रत्यारोप और व्यक्तिगत टिप्पणियों की राजनीति कर रहे हैं।
प्रेम रंजन पटेल ने हाल ही में राजद नेता शिवचंद्र राम द्वारा सार्वजनिक रूप से व्यक्त की गई पीड़ा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विधान परिषद चुनाव में टिकट वितरण को लेकर जिस प्रकार शिवचंद्र राम भावुक हुए और उनकी आंखों से आंसू निकले, वह राजद के अंदरूनी हालात को उजागर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजद में समर्पित कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं की उपेक्षा की जा रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जो लोग वर्षों तक पार्टी के लिए काम करते हैं, यदि उन्हें सम्मान नहीं मिलता तो उनकी पीड़ा स्वाभाविक है।





























