सौरभ निगम / नई दिल्ली। ओमान के मसिराह तट के निकट एक व्यापारिक पोत पर हुए हमले के बाद भारतीय तटरक्षक बल (ICG) और ओमान के समुद्री बचाव अधिकारियों के समन्वित प्रयासों से सभी 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया। भारतीय तटरक्षक बल ने बताया कि किसी भी नाविक के हताहत होने की सूचना नहीं है।
8 जून को भारतीय तटरक्षक बल के मैरीटाइम रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर (MRCC), मुंबई को सूचना मिली कि मसिराह द्वीप के पास एक व्यापारिक पोत संकट में है। सूचना मिलते ही भारतीय अधिकारियों ने ओमान के मैरीटाइम सर्च एंड रेस्क्यू सेंटर (OMSC) से संपर्क स्थापित किया और तत्काल बचाव अभियान शुरू कराया।
ओमान के अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बचाव संसाधनों को घटनास्थल पर भेजा। संयुक्त प्रयासों के तहत सभी 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बाद में ओमान के बचाव केंद्र ने पुष्टि की कि सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
भारतीय तटरक्षक बल ने इस सफल अभियान को भारत और ओमान के बीच उत्कृष्ट समुद्री सहयोग का उदाहरण बताया। साथ ही कहा कि समुद्र में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है और आवश्यकता पड़ने पर ऐसे समन्वित प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
यह अभियान अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा और बचाव तंत्र की प्रभावशीलता को भी दर्शाता है, जिसके कारण संकट की स्थिति में भारतीय नाविकों को समय रहते सुरक्षित निकाला जा सका।





























