दरभंगा में 200 करोड़ की लागत से बनेगा राष्ट्रीय स्तर का खेल परिसर , सम्राट चौधरी सरकार ने विकास का एक और नया अध्याय जोड़ा : संजय सरावगी
Kaushlendra Pandey /पटना, 28 अगस्त। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह दरभंगा नगर विधायक संजय सरावगी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में एनडीए सरकार बिहार के विकास को नई दिशा और नई गति देने में जुटी है। दरभंगा के ऐतिहासिक नेहरू स्टेडियम को राष्ट्रीय स्तर का खेल परिसर के रूप में विकसित करने की योजना इसका बड़ा उदाहरण है। लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से 10 एकड़ में विकसित होने वाला यह खेल परिसर दरभंगा के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में हुई बैठक में नेहरू स्टेडियम के प्रस्तावित कायाकल्प और ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के प्रस्तुतीकरण का भी अवलोकन किया गया।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से मिथिलांचल की खेल प्रतिभाएं बेहतर सुविधाओं के अभाव में अपनी पूरी क्षमता का प्रदर्शन नहीं कर पाती थीं। अब एनडीए सरकार ने इस कमी को दूर करने की दिशा में निर्णायक पहल की है। अब दरभंगा के खिलाड़ियों को बड़े शहरों की ओर सुविधाओं के लिए पलायन नहीं करना पड़ेगा, बल्कि विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और संसाधन उनके अपने शहर में उपलब्ध होंगे।
प्रस्तावित परिसर में राष्ट्रीय स्तर का अत्याधुनिक क्रिकेट स्टेडियम होगा, जिसमें डे-नाइट मैचों के लिए हाई मास्ट लाइट्स, हाइब्रिड टर्फ पिच और सर्वसुविधायुक्त पवेलियन की व्यवस्था होगी। वहीं इंडोर मल्टीपरपज हॉल में स्विमिंग पूल, बॉक्सिंग रिंग, जूडो-रेसलिंग क्षेत्र, चार बैडमिंटन कोर्ट, बास्केटबॉल, स्क्वैश और जिम जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
संजय सरावगी ने कहा कि डे नाइट मैच भी खेलने की भी व्यवस्था होगी और खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन के लिए स्पोर्ट्स साइंस, बायो-मैकेनिक्स, और मेडिकल सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए 100 बेड का छात्रावास, गेस्ट हाउस और डाइनिंग हॉल होगा। लॉन टेनिस, वॉलीबॉल और नेट प्रैक्टिस पिच के साथ सौर ऊर्जा आधारित व्यवस्था और मल्टी लेवल पार्किंग भी प्रस्तावित है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एनडीए सरकार केवल सड़क, पुल और भवन नहीं बना रही, बल्कि बिहार की नई पीढ़ी के भविष्य का निर्माण कर रही है। खेल अधोसंरचना में किया जा रहा यह निवेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विकसित बिहार के लक्ष्य को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि दरभंगा के लिए यह केवल स्टेडियम नहीं, बल्कि हजारों युवाओं के सपनों को उड़ान देने वाला अवसर है। जिस मिथिला ने देश को शिक्षा, संस्कृति और कला के क्षेत्र में असाधारण प्रतिभाएं दी हैं, अब उसी मिथिला की खेल प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाएंगी।
सरावगी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में एनडीए सरकार दरभंगा को विकास की नई पहचान दे रही है। आने वाले दिनों में यह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस दरभंगा को बिहार के प्रमुख खेल केंद्र के रूप में स्थापित करेगा और यहां से निकलने वाली प्रतिभाएं बिहार का नाम देश-दुनिया में रोशन करेंगी।