पटना, 17 अप्रैल 2026 | कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी/ जिला पदाधिकारी, पटना के निर्देश के आलोक में भारत की जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना प्रक्रिया को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए पटना समाहरणालय में पदाधिकारियों एवं कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान अधिकारियों को स्व-गणना की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं और इसके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनगणना कार्य को अधिक सटीक, पारदर्शी और सुगम बनाना है। अधिकारियों ने कर्मचारियों को स्व-गणना के लिए आम जनता को प्रेरित करने और जागरूकता फैलाने का निर्देश भी दिया।
कार्यक्रम में बताया गया कि 2027 की जनगणना के प्रथम चरण के तहत स्व-गणना एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे नागरिक स्वयं अपने आंकड़े डिजिटल माध्यम से दर्ज कर सकेंगे। इससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि आंकड़ों की शुद्धता भी सुनिश्चित होगी।
इस अवसर पर राज्य सरकार के विभिन्न विभागों जैसे सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग तथा योजना एवं विकास विभाग के समन्वय पर भी जोर दिया गया, ताकि जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सके।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे स्व-गणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं और देश के इस महत्वपूर्ण कार्य को सफल बनाने में सहयोग करें।
#Census #CensusIndia2027 #Patna #Bihar #SamratChoudhary





























