DM पटना का बड़ा बयान: बाढ़ नाव हादसे में लापता लोगों की तलाश जारी, समस्तीपुर- पटना प्रशासन चला रहा संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन
Kaushlendra Pandey /पटना/बाढ़: आज सुबह लगभग 5:45 बजे बाढ़ अनुमंडल के उमानाथ घाट के समीप बड़ा नाव हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार बिंद टोली के 14 लोग नाव पर सवार होकर समस्तीपुर जिला के सुल्तानपुर दियारा, मोहिउद्दीननगर गए थे। स्थानीय लोग अक्सर वहां परवल तोड़ने एवं अन्य खेती कार्यों के लिए जाते हैं।
वापस लौटने के दौरान तेज हवा और खराब मौसम के कारण सुल्तानपुर दियारा, समस्तीपुर के पास नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
राहत एवं बचाव दल द्वारा अब तक 7 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 2 लोगों का शव बरामद किया गया है। वहीं 5 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश लगातार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, समस्तीपुर एवं जिला प्रशासन, पटना ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। अनुमंडल पदाधिकारी, बाढ़ एवं पुलिस उपाधीक्षक, बाढ़ के नेतृत्व में आपदा प्रबंधन विभाग की पूरी टीम मौके पर मौजूद है।
प्रशासन की ओर से बताया गया है कि जिलाधिकारी, पटना भी स्वयं कुछ ही समय में बाढ़ पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।