Kaushlendra Pandey/पटना, 11 अगस्त 2025।जद (यू) प्रदेश प्रवक्ता डॉ. निहोरा प्रसाद यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सशक्त और दूरदर्शी नेतृत्व में आज बिहार का सर्वांगीण विकास सबके सामने है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पाने की होड़ में कुछ लोग, जो खुद आर्थिक अपराधों में घिरे हैं, भ्रम फैलाकर यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि नीतीश कुमार ने उनके विचारों का अनुसरण किया है, जबकि हकीकत यह है कि जब नीतीश कुमार सत्ता में आए थे, तब उनके विरोधी नाबालिग थे और उनका तथाकथित विजन केवल अवैध संपत्ति सृजन और घोटालों तक सीमित था।
उन्होंने कहा कि 2006 से अब तक नीतीश सरकार ने 100 से अधिक लोक कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं, जिनसे महिलाओं, दलितों, पिछड़ों, अति पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को सीधा लाभ मिला है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए साइकिल योजना, पोशाक योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, आरक्षण में 35% बढ़ोतरी, महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से वित्तीय स्वावलंबन, दलित-महादलित छात्र प्रोत्साहन और आवास अनुदान योजनाएं, पिछड़े वर्ग के लिए विशेष छात्रवृत्ति और ऋण सुविधा कार्यक्रम, तथा अल्पसंख्यकों के लिए प्रोत्साहन योजना और रोजगारपरक प्रशिक्षण जैसे कदम उठाए गए।
डॉ. यादव ने कहा कि हाल ही में नीतीश सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि में बढ़ोतरी, बिहार की मूल निवासी महिलाओं को 35% आरक्षण, हर घर तक मुफ्त 125 यूनिट बिजली, और 2025-2030 तक 1 करोड़ रोजगार सृजन का संकल्प लिया है। शिक्षा के क्षेत्र में चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान, चाणक्य विधि विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान, बोधगया में आईआईएम, भागलपुर में आईआईआईटी, प्रत्येक जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज, नए मेडिकल कॉलेज, दर्जनों आईटीआई और पॉलिटेक्निक कॉलेजों की स्थापना कर बिहार को शिक्षा हब बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि विरोधियों की अफवाहें और झूठी कहानियां जनता को भ्रमित नहीं कर सकतीं, क्योंकि बिहार जानता है कि असली विकास का रास्ता नीतीश कुमार के विजन और नीति से होकर गुजरता है। यही वजह है कि बिहार आज अपने गौरव को पुनर्स्थापित करते हुए एक आदर्श बनकर खड़ा है।




























