Kaushlendra Pandey/रांची।झारखंड के युवाओं के सपनों को साकार करने की दिशा में अबुआ सरकार लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने IIIT रांची से पीएचडी कर रहीं होनहार छात्रा सविता कच्छप और उनके परिवारजनों से मुलाकात कर 2 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक सौंपा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सविता कच्छप आदिवासी समुदाय की सबसे कम उम्र की अभ्यर्थी हैं, जिनका चयन IIIT रांची में इलेक्ट्रिक कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विषय में पीएचडी के लिए हुआ है। यह उपलब्धि न सिर्फ झारखंड बल्कि पूरे आदिवासी समाज के लिए गर्व की बात है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सविता को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह पूरी लगन से अपनी पढ़ाई और रिसर्च जारी रखें, सरकार हर कदम पर उनके साथ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।
यह पहल राज्य के युवाओं, विशेषकर आदिवासी समुदाय की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बन रही है।
— कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी





























