भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने 2 जून 2025 को पराग्वे के राष्ट्रपति महामहिम श्री सैंटियागो पेना पलासियोज़ का राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में स्वागत किया और उनके सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया। यह पराग्वे के राष्ट्रपति की भारत की पहली राजकीय यात्रा है, जो दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग के नए आयाम खोलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने पराग्वे के राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और पराग्वे के बीच संबंध सदैव सौहार्दपूर्ण और मैत्रीपूर्ण रहे हैं। दोनों देश लोकतंत्र, मानवाधिकार, कानून का शासन, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, शांति, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता जैसे समान मूल्यों में विश्वास रखते हैं। उन्होंने पराग्वे सरकार को पहलगाम में हुए जघन्य आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा और भारत के प्रति एकजुटता व्यक्त करने के लिए धन्यवाद दिया।
राष्ट्रपति मुर्मु ने भारत और पराग्वे के बीच व्यापारिक संबंधों में हुई वृद्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की, लेकिन यह भी कहा कि व्यापार और वाणिज्यिक क्षेत्रों में संबंधों को और विस्तारित करने की पर्याप्त संभावनाएं हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वैश्विक दक्षिण के हिस्से के रूप में, भारत और पराग्वे समान विकासात्मक चुनौतियों का सामना करते हैं, और इन चुनौतियों से निपटने के लिए दोनों देशों का दृष्टिकोण भी समान है—शिक्षा, रोजगार और क्षमता निर्माण में निवेश करके आर्थिक सशक्तिकरण। राष्ट्रपति मुर्मु ने पराग्वे के साथ डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना के क्षेत्र में भारत के अनुभव साझा करने की इच्छा भी व्यक्त की।
दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने की अपार संभावनाएं हैं और यह यात्रा संबंधों को मजबूत करने और नए क्षेत्रों में सहयोग के अवसर प्रदान करेगी।



























