स्नेहा सिंह/रांची — झारखंड सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में राज्य के हजारों युवाओं को विभिन्न विभागों में सरकारी नौकरी मिली। उपसमाहर्ता, पुलिस उपाधीक्षक, कारा अधीक्षक, जिला समादेष्टा, सहायक निबंधक, श्रम अधीक्षक, प्रोबेशन पदाधिकारी, उत्पाद निरीक्षक, इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य, स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य, दंत चिकित्सक सहित कई पदों पर बड़ी संख्या में नियुक्तियाँ दी गईं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार पढ़े-लिखे नौजवानों के प्रति ही नहीं, बल्कि कम पढ़े-लिखे और अशिक्षित लोगों के प्रति भी संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि एक वर्ष में लगभग 16,000 युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है, जबकि वर्तमान में करीब 9,000 युवा नियुक्ति पत्र प्राप्त कर रहे हैं।
सीएम ने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में भी हजारों युवाओं को नौकरी दी गई थी, लेकिन हर कदम पर सवाल खड़ा करने वाले लोग आज भी सक्रिय हैं और कई बार कोर्ट में जाकर प्रक्रियाओं को बाधित करते हैं। इसके बावजूद सरकार पारदर्शिता के साथ युवाओं के भविष्य को संवारने में जुटी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार की शिक्षक नियुक्ति में 40% महिलाएँ शामिल हैं, जबकि जेपीएससी में महिलाओं की भागीदारी 30% तक पहुँची है, जो राज्य में महिला सशक्तिकरण का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि CGL परीक्षा को लेकर फैलाई जा रहीं अफवाहें बेबुनियाद हैं और गलत सूचना फैलाने वालों पर कार्रवाई की गई है। परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष है।
हेमंत सोरेन ने कहा कि वर्तमान सरकार झारखंड को नई दिशा देने के लिए संकल्पित है। “हमारे अगुवा साथियों ने झारखंड को खून से सींचकर बनाया है। अब इसे संवारने की जिम्मेदारी हम सभी के कंधों पर है,” उन्होंने कहा।
राज्य सरकार ने संदेश दिया है कि आने वाले समय में और भी बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे और नियुक्ति प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।



























