Kaushlendra Pandey/समृद्धि यात्रा के दूसरे दिन आज माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने पूर्वी चंपारण जिले में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, आवास, बिजली, सिंचाई सहित जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं की प्रगति पर अधिकारियों से बिंदुवार जानकारी ली।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं को पूरा करने, कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और आम जनता से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार की मंशा है कि विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण, योजनाओं के नियमित अनुश्रवण और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि समृद्धि यात्रा का उद्देश्य केवल योजनाओं की समीक्षा नहीं, बल्कि जमीनी हकीकत को समझकर विकास को और अधिक गति देना है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा, मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी सहित राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समृद्धि यात्रा के तहत आयोजित यह समीक्षा बैठक जिले में विकास कार्यों को नई रफ्तार देने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। स्थानीय प्रशासन को मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर और अधिक सक्रियता दिखाने की अपेक्षा जताई जा रही है।





























