पटना। वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में टैरिफ वार (शुल्क युद्ध) के प्रभाव से भारत भी अछूता नहीं है। इसी संदर्भ में स्वदेशी जागरण मंच दक्षिण बिहार के तत्वावधान में एक दिवसीय विचार मंथन कार्यक्रम का आयोजन पटना में किया गया। इस बैठक में बिहार और पटना के प्रमुख आर्थिक एवं सामाजिक चिंतकों ने हिस्सा लिया और अमेरिका-चीन व्यापार संघर्ष के चलते उत्पन्न चुनौतियों एवं संभावनाओं पर गंभीर विमर्श किया।
बैठक में स्वदेशी जागरण मंच, बिहार-झारखंड के क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री अजय उपाध्याय, जगजीवन राम संसदीय अध्ययन एवं राजनीतिक शोध संस्थान, पटना के निदेशक डॉ. नरेंद्र पाठक, दक्षिण बिहार के सह-संयोजक डॉ. संजीव कुमार सिंह, संपर्क प्रमुख ई. सुनील सिन्हा, डॉ. जीतेंद्र पाठक, डॉ. प्रवीण चंद्र पटेल, पटना महानगर संयोजक श्री त्रियोगी नाथ तिवारी, ई. अजय कुमार, पत्रकार विपुल सिंह, संदीप कुमार तथा शिक्षक ई. अवधेश नंदन सिंह सहित कई विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए।
बैठक में टिकाऊ विकास (Sustainable Development) की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया और यह भी स्पष्ट किया गया कि कैसे भारत इस वैश्विक टैरिफ युद्ध में अपने हितों की रक्षा कर सकता है।
वक्ताों ने इस बात पर भी जोर दिया कि देश की आर्थिक स्वतंत्रता के लिए स्वदेशी आंदोलन को मजबूती प्रदान करना अत्यंत आवश्यक है। इसके तहत युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने पर भी विशेष चर्चा हुई।
बैठक के अंत में आगामी अभियानों और कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई, जिसमें बिहार के विभिन्न जिलों में युवाओं को जोड़ने, स्वदेशी उत्पादों के प्रति जन-जागरूकता फैलाने और नीति-निर्माताओं को सुझाव देने जैसे अहम बिंदु शामिल हैं।
यह अध्ययन समूह भविष्य में भी ऐसे विचार-विमर्श आयोजित करता रहेगा, जिससे राष्ट्र के आर्थिक विकास को नई दिशा दी जा सके।



























