Kaushlendra Pandey/नई दिल्ली ब्यूरो, 23 अगस्त 2025 (कंट्री इनसाइड न्यूज़ एजेंसी) :भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने भारत मंडपम में आयोजित नेशनल स्पेस मीट 2.0 के दौरान विक्सित भारत 2047 के विज़न को साकार करने हेतु स्पेस टेक्नोलॉजी आधारित रोडमैप जारी किया। इस सम्मेलन में सरकार, उद्योग, अकादमिक जगत और नागरिक समाज की भागीदारी दर्ज की गई।
प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पी.के. मिश्रा ने कहा, “स्पेस का उद्देश्य सितारों को जीतना नहीं बल्कि पृथ्वी पर जीवन को बेहतर बनाना है।” उन्होंने इसरो की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को भारत की प्रगति से सीधे जोड़ते हुए अंतरिक्ष कार्यक्रम को विकास का प्रमुख स्तंभ बताया।
सम्मेलन में बताया गया कि भारत में स्पेस सेक्टर में हुए सुधारों के बाद स्टार्टअप इकोसिस्टम में जबरदस्त उछाल आया है। जहाँ 2014 में मात्र 2 स्टार्टअप थे, वहीं आज यह संख्या 350 से अधिक हो चुकी है। यह बदलाव न केवल तकनीकी नवाचार बल्कि रोजगार और निवेश के नए अवसरों को भी जन्म दे रहा है।
इसरो ने अगले दशक के लिए साहसिक रोडमैप प्रस्तुत किया है, जिसमें सैटेलाइट एप्लीकेशन, संचार, कृषि, जल प्रबंधन, आपदा प्रबंधन और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में अंतरिक्ष तकनीक के उपयोग को और अधिक मजबूत करने की योजना शामिल है।





























