प्रिया सिन्हा /CIN /केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज गुजरात की राजधानी गांधीनगर में सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) आधारित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) का शुभारंभ किया। इस पहल को डिजिटल गवर्नेंस और पारदर्शिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि CBDC आधारित सार्वजनिक वितरण व्यवस्था प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस’ के विजन को जमीनी स्तर पर साकार करेगी। उन्होंने कहा कि इस नई प्रणाली से PDS में पारदर्शिता बढ़ेगी, लीक और भ्रष्टाचार पर रोक लगेगी तथा लाभार्थियों को सीधे और सुरक्षित तरीके से लाभ पहुंचाया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि डिजिटल करेंसी के उपयोग से राशन वितरण प्रक्रिया अधिक सुगम, सुरक्षित और तकनीक-आधारित बनेगी। इससे न केवल वितरण प्रणाली मजबूत होगी बल्कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी सहायता समय पर और बिना किसी बिचौलिये के पहुंचेगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सहकारिता और डिजिटल तकनीक के समन्वय से देश की सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और प्रभावी बनाया जा रहा है, जिससे पारदर्शी एवं जवाबदेह शासन व्यवस्था को बल मिलेगा।




























