Kaushlendra Pandey/पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 1, अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘महिला संवाद’ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं को संबोधित पत्र का विमोचन भी किया, जो माताओं, बहनों और बेटियों को समर्पित है।
‘महिला संवाद’ कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य की महिलाओं को सरकार द्वारा महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में चल रही विभिन्न योजनाओं एवं प्रयासों की जानकारी देना है। साथ ही, यह संवाद मंच महिलाओं को अपने गांव या टोलों की समस्याएं एवं आकांक्षाएं साझा करने का अवसर भी प्रदान करेगा। प्राप्त सुझावों और समस्याओं का समाधान संबंधित विभागों एवं अधिकारियों द्वारा त्वरित रूप से किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान सभी जिलों के लिए महिला संवाद जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ये वाहन राज्यभर के 70 हजार से अधिक स्थानों पर जाकर महिलाओं से संवाद करेंगे। अनुमान है कि इस ऐतिहासिक पहल में 2 करोड़ से अधिक महिलाएं भाग लेंगी।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम के दौरान प्राप्त सुझावों और अपेक्षाओं को संकलित कर योजनाओं के निर्माण और नीति निर्धारण में समुचित रूप से शामिल किया जाएगा। यह कार्यक्रम महिला सशक्तीकरण की दिशा में सरकार का एक अभिनव एवं जनसरोकार से जुड़ा प्रयास माना जा रहा है।
यह पहल न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी, बल्कि शासन व्यवस्था में उनकी सक्रिय भागीदारी को भी सुनिश्चित करेगी।




























