पटना से विशेष रिपोर्ट – कंट्री इनसाइड न्यूज /बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जम्मू-कश्मीर में अशोक स्तंभ पर हमला किए जाने को देशद्रोह करार देते हुए राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस द्वारा इसे सामान्य घटना बताने की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह पूरे भारत की सभ्यता, संस्कृति और राष्ट्रीय प्रतीक के खिलाफ गंभीर अपराध है। उन्होंने कहा कि कश्मीर के महामहिम राज्यपाल से इस मामले में तत्काल कार्रवाई की बात कही गई है और सख्त कार्रवाई हो रही है। सम्राट चौधरी ने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे कृत्यों में लिप्त लोगों के खिलाफ राष्ट्रीय कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग भारत की संस्कृति और राष्ट्रीय प्रतीकों के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं, उन्हें जेल में भेजा जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी हाल ही में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करके केवल एक बच्चा लेकर घूमे और फिर मलेशिया चले गए। यह पूरा घटनाक्रम कांग्रेस की वास्तविकता को उजागर करता है।
महागठबंधन के तहत राष्ट्रीय जनता दल द्वारा चलाए जा रहे ‘मां बहन योजना’ पर भी सम्राट चौधरी ने चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि फॉर्म भरने का कोई विशेष अधिकार किसी को नहीं दिया गया है और इस पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस और कानून अपना काम करेंगे और जो भी लोग आपराधिक कार्य करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
लालू प्रसाद यादव पर भी सम्राट चौधरी ने हमला किया। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव पंजीकृत अपराधी हैं और उनका इंडिया गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार से मिलना लोकतंत्र की गरिमा के खिलाफ है। सम्राट चौधरी ने कहा कि यदि अवार्ड दिया जा सकता है तो वह चोरी करने का अवार्ड हो सकता है। उन्होंने तेजस्वी यादव को ‘बच्चा’ बताते हुए कहा कि बच्चों को खिलौना दिया जाता है और उन्हें राजनीति की गंभीरता से दूर रखा जाना चाहिए।
सीट बंटवारे पर सवाल पर सम्राट चौधरी ने कहा कि चुनाव की घोषणा हो जाने पर सब कुछ सामने आ जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत तभी सुरक्षित रहेगा जब बिहार सुरक्षित रहेगा। बिहार की अखंडता तभी बनी रहेगी जब राष्ट्रीय प्रतीकों की रक्षा की जाएगी। प्रधानमंत्री की मां को गाली देने की घटना पर कांग्रेस की चुप्पी को भी उन्होंने शर्मनाक बताया।
सम्राट चौधरी का यह कड़ा रुख राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। आने वाले समय में इस मामले पर सरकार की क्या कार्रवाई होती है, यह देखने योग्य रहेगा।





























