कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी, नई दिल्ली | 01 दिसंबर 2025/भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने आज नई दिल्ली स्थित DRDO भवन में इंडस्ट्री आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में उत्तर भारत के DRDO प्रयोगशालाओं के वैज्ञानिकों और विभिन्न रक्षा उद्योगों के प्रतिनिधियों ने व्यापक रूप से भाग लिया।
कार्यक्रम में 18 DRDO प्रयोगशालाओं के 220 वैज्ञानिक और देशभर के 271 उद्योग प्रतिनिधि शामिल हुए, जिन्होंने अत्याधुनिक और महत्वपूर्ण रक्षा तकनीकों पर मंथन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि DRDO के चेयरमैन एवं रक्षा अनुसंधान विभाग के सचिव डॉ. समीर वी. कामत थे। जबकि अतिथि-विशेष के रूप में रक्षा उत्पादन विभाग के सचिव श्री संजीव कुमार मौजूद रहे।
नई ToT नीति–2025 की प्रक्रियाओं का अनावरण
इस अवसर पर DRDO द्वारा तैयार की गई ट्रांसफर ऑफ टेक्नोलॉजी (ToT) पॉलिसी–2025 को लागू करने की नई प्रक्रिया का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में DRDO विशेषज्ञों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ खुली चर्चा हुई, जिसमें रक्षा उत्पादन से जुड़ी चुनौतियों और समाधान पर विस्तृत बातचीत की गई।
DRDO मुख्यालय की विभिन्न कॉरपोरेट-स्तरीय निदेशालयों तथा वैज्ञानिकों ने उद्योगों के साथ नीतियों, प्रक्रियाओं और अनुसंधान उपलब्धियों को साझा किया। चर्चा का मुख्य फोकस—भारतीय रक्षा उद्योग को मजबूत करने, निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने और उन्नत स्वदेशी तकनीकों के विकास पर रहा।
देश में रक्षा उत्पादन को ‘मल्टीप्लायर इफेक्ट’ मिलेगा: DRDO प्रमुख
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. समीर वी. कामत ने कहा कि भारतीय उद्योगों में विशाल क्षमता है और अगले पाँच वर्षों में देश का रक्षा-उद्योग इकोसिस्टम कई गुना मजबूत होगा। उन्होंने इसे भारत की आत्मनिर्भरता के लक्ष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
वहीं रक्षा उत्पादन विभाग के सचिव श्री संजीव कुमार ने कहा कि असली आत्मनिर्भरता तभी हासिल होगी जब डिजाइन से लेकर बड़े पैमाने पर उत्पादन तक पूरे चक्र को देश के भीतर पूरा किया जाए।
DRDO की डीजी (प्रोडक्शन कोऑर्डिनेशन एंड सर्विसेज इंटरैक्शन) डॉ. चंद्रिका कौशल ने कहा कि भारत अब रक्षा उपकरणों का आयातक नहीं, बल्कि नेट एक्सपोर्टर बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है, जो उद्योगों और DRDO-इंडस्ट्री साझेदारी के लिए बड़ा अवसर है।




























