धीरेन्द्र वर्मा /नई दिल्ली, 20 फरवरी। समावेशी और स्थानीय रूप से प्रासंगिक एआई प्रणाली विकसित करने की भारत की प्रतिबद्धता को मजबूत करते हुए Digital India Bhashini Division, Current AI और Kalpa Impact के सहयोग से विकसित अपनी तरह के पहले ओपन-सोर्स हैंडहेल्ड बहुभाषी एआई प्रोटोटाइप का लाइव प्रदर्शन किया गया।
यह सत्र 20 फरवरी को भारत मंडपम में “सभी के लिए एआई का विकास: व्यक्तिगत, स्थानीय, बहुभाषी एआई” विषय पर आयोजित हुआ। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने इस बात पर जोर दिया कि एआई तकनीक का विकास केवल तकनीकी प्रगति तक सीमित न रहे, बल्कि यह स्थानीय भाषाओं, सांस्कृतिक विविधताओं और आम नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप हो।
लाइव डेमो के दौरान प्रदर्शित हैंडहेल्ड डिवाइस ने कई भारतीय भाषाओं में संवाद करने और स्थानीय संदर्भों के अनुरूप उत्तर देने की क्षमता दिखाई। इसे ओपन-सोर्स प्लेटफॉर्म पर विकसित किया गया है, जिससे स्टार्टअप, शोधकर्ता और डेवलपर्स इसे आगे और बेहतर बना सकें।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह पहल डिजिटल समावेशन की दिशा में बड़ा कदम है और इससे ग्रामीण तथा गैर-अंग्रेज़ी भाषी आबादी तक एआई की पहुंच सुनिश्चित होगी।





























