Kaushlendra Pandey/ राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 2025 के पद्म पुरस्कारों से देश की प्रमुख विभूतियों को सम्मानित किया। इनमें बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सुशील मोदी को मरणोपरांत पद्मभूषण से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें सार्वजनिक मामलों में उनके योगदान के लिए दिया गया है।
राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह प्रतिष्ठित सम्मान सुशील कुमार मोदी की धर्मपत्नी, श्रीमती जेसी सुशील मोदी के हाथों प्रदान किया।
सम्मान ग्रहण करने के बाद श्रीमती मोदी ने कहा कि यह सम्मान केवल उनके पति का नहीं, बल्कि पूरे बिहार का सम्मान है। उनके पुत्र अक्षय ने भी इस सम्मान के लिए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और बिहार के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान भाजपा के लाखों समर्पित कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
सुशील मोदी को यह सम्मान उनके सामाजिक कार्यों के लिए दिया गया, जिनमें अस्पतालों का निर्माण और गरीबों की मदद करना प्रमुख था। विशेष रूप से उन्होंने गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले लोगों के लिए कई योजनाओं का संचालन किया।
श्रीमती मोदी ने आगे कहा कि सुशील मोदी का यह सम्मान उनके पांच दशकों के सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन के समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “यह सम्मान भाजपा कार्यकर्ताओं, सुशील मोदी को चाहने वालों और मेरे परिवार के लिए गर्व की बात है। यह सम्मान मुझे बिहारवासियों को समर्पित करने में गर्व महसूस होता है, क्योंकि उनका समर्पण हमेशा बिहार के प्रति था।”





























