रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी, पटना/बिहार में लगातार हो रही मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर AIMIM प्रदेश अध्यक्ष व आमौर विधायक जनाब अख्तरूल इमान ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की है, लेकिन वह इसमें पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि आम लोगों में सुरक्षा की भावना बहाल हो सके।
हाल ही में फुलवारी शरीफ स्थित इमारत-ए-शरिया के पास हुई हत्या की घटना पर टिप्पणी करते हुए अख्तरूल इमान ने पटना पुलिस की तत्परता की सराहना की। उन्होंने कहा, “पुलिस ने 24 से 36 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, इसके लिए मैं पटना पुलिस को मुबारकबाद देता हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि जांच के बाद जो भी इस हत्याकांड में शामिल पाया जाए, उसे सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए, लेकिन किसी भी बेगुनाह को सजा नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस निष्पक्ष जांच करते हुए असली अपराधियों को सजा दिलाएगी और किसी भी निर्दोष को दोषी नहीं ठहराएगी।
जब AIMIM पार्टी के एक नेता के नाम सामने आने पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने स्पष्ट किया, “हमारे नेता की छवि बेदाग है। पुलिस जांच कर रही है और हमें जांच पर पूरा भरोसा है। जो लोग दोषी हैं, उन्हें सजा जरूर मिले, लेकिन जो बेकसूर हैं, उन्हें इंसाफ मिलना चाहिए। मैं पुलिस से यही उम्मीद करता हूं कि निर्दोषों के साथ न्याय किया जाएगा।”
बिहार की कानून व्यवस्था पर उठ रहे सवालों के बीच AIMIM विधायक का यह बयान राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया.




























