जितेन्द्र कुमार सिन्हा, पटना, 21 अप्रैल :: भारत के लोकतंत्र में चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का माध्यम नहीं है, बल्कि जनभावनाओं, सामाजिक संरचनाओं और राजनीतिक विचारधाराओं का महायुद्ध भी होता है। इस समय देश के पाँच राज्यों में चुनावी प्रक्रिया चल रही है, लेकिन यदि किसी एक राज्य ने राजनीतिक विश्लेषकों, रणनीतिकारों और आम जनता का सबसे अधिक ध्यान आकर्षित किया है, तो वह है पश्चिम बंगाल।
पश्चिम बंगाल की 294 सीटों वाली विधानसभा में इस बार जो राजनीतिक चौसर बिछी है, वह केवल चुनावी मुकाबला नहीं है बल्कि विचारधाराओं, पहचान और भविष्य की दिशा तय करने वाला संघर्ष बन चुका है। यहाँ हर चाल सोची-समझी है, हर बयान रणनीतिक है और हर गठजोड़ अपने आप में एक संदेश समेटे हुए है।
पश्चिम बंगाल की राजनीति हमेशा से ही विचारधारा-प्रधान रही है। कभी वामपंथ का गढ़ रहा यह राज्य आज क्षेत्रीय और राष्ट्रीय राजनीति के बीच संतुलन की जद्दोजहद का केंद्र बन गया है। ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने 2011 में वामपंथी शासन का अंत कर सत्ता हासिल की थी। इसके बाद 2016 और 2021 में भी उन्होंने अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी। लेकिन इस बार मुकाबला पहले से कहीं ज्यादा जटिल और अनिश्चित दिखाई दे रहा है।
इस चुनाव में टीएमसी का सबसे बड़ा दांव है उसकी जनकल्याणकारी योजनाएं, जिसमें “बंगाल युवा-साथी” योजना प्रमुख है। इस योजना के तहत युवाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने का वादा किया गया है, जो बेरोजगारी और आर्थिक असुरक्षा से जूझ रहे युवाओं को सीधे प्रभावित करता है। वेलफेयर पॉलिटिक्स के तहत लक्ष्मी भंडार, छात्रवृत्ति और स्वास्थ्य योजनाओं के माध्यम से महिलाओं और गरीब वर्ग को साधना। स्थानीय पहचान के अंतर्गत “बंगाल बनाम बाहरी” का नैरेटिव बनाकर क्षेत्रीय अस्मिता को मजबूत करना। नेतृत्व का करिश्मा के तहत ममता बनर्जी की व्यक्तिगत छवि और संघर्षशील व्यक्तित्व को केंद्र में रखना। ग्रामीण पकड़ बनाए रखने के लिए पंचायत स्तर तक मजबूत संगठनात्मक ढांचा। टीएमसी का मानना है कि उसकी पुरानी रणनीति ही इस बार भी जीत दिला सकती है और वह उसी पर भरोसा करती दिख रही है।
दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने पिछली गलतियों से सीख लेते हुए इस बार अपनी रणनीति में बड़े बदलाव किए हैं। 2021 के चुनाव में बीजेपी ने जोरदार प्रदर्शन किया था, लेकिन सत्ता तक नहीं पहुंच पाई। इस बार पार्टी ने “त्रिस्तरीय रणनीति” अपनाई है। त्रिस्तरीय रणनीति के तहत संगठनात्मक मजबूती के लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाना। सामाजिक समीकरण के तहत पिछड़े वर्ग, आदिवासी और दलित समुदायों को जोड़ने की कोशिश। सकारात्मक नैरेटिव के लिए केवल विरोध नहीं, बल्कि विकास और सुशासन का एजेंडा प्रस्तुत करना। इसके अलावा बीजेपी ने स्थानीय नेताओं को आगे बढ़ाने, उम्मीदवार चयन में संतुलन और प्रचार में डिजिटल माध्यमों का अधिक उपयोग किया जा रहा है।
294 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 148 सीटों की आवश्यकता है। वर्तमान परिदृश्य में जो अनुमान उभरकर सामने आ रहे हैं, वे काफी दिलचस्प हैं। टीएमसी को 108 सीट, बीजेपी को 115 सीट और अन्य को 71 सीट मिलने की संभावना है। इससे यह स्पष्ट होता है कि शेष 71 सीट ही इस चुनाव का भविष्य तय कर सकती है। ये सीटें वे क्षेत्र हैं जहां मुकाबला कांटे का होने की संभावना है और जहां छोटे-छोटे समीकरण बड़े परिणाम ला सकते हैं।
इस चुनाव का एक महत्वपूर्ण पहलू है “स्थानीय बनाम नव-स्थानीय” का संघर्ष। टीएमसी जहां खुद को बंगाल की अस्मिता का रक्षक बताती है, वहीं बीजेपी “नए बंगाल” की बात करती है, जो विकास, निवेश और राष्ट्रीय मुख्यधारा से जुड़ा हो। यह संघर्ष दिख रहा है भाषा और संस्कृति का यानि बंगाली पहचान बनाम राष्ट्रीय पहचान। रोजगार हेतु स्थानीय युवाओं के लिए अवसर बनाम बाहरी निवेश। सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए राज्य बनाम केंद्र की भूमिका। यह द्वंद्व केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक भी है।
इस बार का चुनाव प्रचार भी काफी दिलचस्प रह रहा है। टीएमसी ने जहां ममता बनर्जी की रैलियों और जनसभाओं पर जोर दिया, वहीं बीजेपी ने रोड शो, डिजिटल कैंपेन और स्टार प्रचारकों का सहारा लिया। सोशल मीडिया पर दोनों पार्टियों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है। युवाओं और पहली बार वोट देने वालों को आकर्षित करने के लिए विशेष अभियान चलाए गए हैं।
इस चुनाव में कांग्रेस और वाम दल भी मैदान में हैं, लेकिन उनकी स्थिति कमजोर नजर आ रही है। हालांकि कुछ सीटों पर वे “किंगमेकर” की भूमिका निभा सकते हैं। यदि कोई पार्टी स्पष्ट बहुमत हासिल नहीं कर पाती है, तो ये छोटे दल सरकार गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इस चुनाव में कई ऐसे मुद्दे हैं जो मतदाताओं के निर्णय को प्रभावित करेंगे। रोजगार और आर्थिक स्थिति, महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण, भ्रष्टाचार के आरोप, कानून व्यवस्था और केंद्र-राज्य संबंध के मुद्दों पर दोनों प्रमुख पार्टियों ने अपनी-अपनी तरह से जनता को साधने की कोशिश कर रही है।आखिरकार लोकतंत्र में सबसे बड़ी शक्ति मतदाता के पास होती है। पश्चिम बंगाल का मतदाता हमेशा से जागरूक और राजनीतिक रूप से सक्रिय रहा है। इस बार भी वह केवल भावनाओं के आधार पर नहीं, बल्कि अपने भविष्य, सुरक्षा और विकास को ध्यान में रखते हुए निर्णय करेगा।
पश्चिम बंगाल का यह चुनाव किसी एक पार्टी की जीत या हार से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण है। यह तय करेगा कि राज्य की राजनीति किस दिशा में आगे बढ़ेगी। क्या ममता बनर्जी तीसरी बार सत्ता में लौटेंगी? या बीजेपी अपनी रणनीति के बल पर इतिहास रचेगी? या फिर कोई नया समीकरण उभरेगा? इन सभी सवालों के जवाब आने वाले समय में मिलेंगे, लेकिन इतना तय है कि यह चुनाव भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज होगा।
यह चुनाव केवल सीटों का गणित नहीं है, बल्कि विचारों का संघर्ष है। यह तय करेगा कि बंगाल अपनी पारंपरिक पहचान के साथ आगे बढ़ेगा या नए बदलावों को अपनाएगा। सियासी चौसर बिछ चुकी है, मोहरे अपनी जगह ले रहे हैं, अब बारी है जनता की जो तय करेगी कि सत्ता की बागडोर किसके हाथ में होगी।



























