प्रियंका भारद्वाज-CIN ब्यूरो। सीएसआईआर-नेशनल एयरोस्पेस लेबोरेटरी (NAL) और सीएसआईआर-नेशनल फिजिकल लैबोरेटरी (NPL) ने संयुक्त रूप से 18 जुलाई 2025 को “एकीकृत हवाई क्षेत्र प्रबंधन और संबद्ध प्रौद्योगिकियों” पर एक दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। यह कार्यशाला भारतीय शहरी हवाई गतिशीलता (Urban Air Mobility – UAM) के क्षेत्र में एक ठोस और रणनीतिक रोडमैप तैयार करने की दिशा में एक अहम पहल मानी जा रही है।
कार्यशाला का उद्देश्य टेक्नोलॉजिस्ट, उद्योग विशेषज्ञों, शैक्षणिक संस्थानों, नीति-निर्माताओं और ऑपरेटरों को एक मंच पर लाकर UAM इकोसिस्टम से जुड़ी संभावनाओं, चुनौतियों और तकनीकी नवाचारों पर चर्चा करना था। इसमें ड्रोन, एयर टैक्सी, हवाई यातायात प्रबंधन और संबंधित अवसंरचनाओं पर केंद्रित सत्र आयोजित किए गए।
सीएसआईआर-एनएएल ने शहरी हवाई गतिशीलता के लिए दो-सीटर एयर व्हीकल के डिज़ाइन और विकास पर कार्य करने की योजना भी प्रस्तुत की। साथ ही, डीजीसीए, इसरो, BEL, HAL और निजी क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और महत्वपूर्ण इनपुट दिए।
इस पहल से भविष्य में भारत में शहरी परिवहन को स्मार्ट, सुरक्षित और पर्यावरण-संवेदनशील बनाने में मदद मिलेगी। कार्यशाला में प्रस्तुत विचारों और अनुसंधानों को नीति निर्माण और तकनीकी विकास में शामिल करने की सिफारिश की गई है।





























