Kaushlendra Pandey कालीआबोर (असम): प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज असम के कालीआबोर में काज़ीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना का भूमि पूजन किया। करीब ₹6,950 करोड़ से अधिक की लागत वाली यह महत्वाकांक्षी परियोजना न सिर्फ ऊपरी असम की कनेक्टिविटी को नई गति देगी, बल्कि काज़ीरंगा की अद्वितीय जैव-विविधता के संरक्षण में भी मील का पत्थर साबित होगी।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि “काज़ीरंगा केवल एक राष्ट्रीय उद्यान नहीं, बल्कि असम की आत्मा है। यह भारत की जैव-विविधता का अनमोल रत्न है, जिसे यूनेस्को ने विश्व धरोहर का दर्जा दिया है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चल सकते हैं—और यह परियोजना उसी सोच का जीवंत उदाहरण है।
केंद्रीय मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल ने परियोजना को ऊपरी असम के लिए परिवर्तनकारी बताते हुए कहा कि काज़ीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर से यातायात सुगम होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित होगी। यह कॉरिडोर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रैफिक दबाव कम करने के साथ-साथ बाढ़ के मौसम में निर्बाध आवागमन को भी संभव बनाएगा।
परियोजना के तहत एलिवेटेड संरचना को इस तरह डिज़ाइन किया गया है कि वन्यजीवों के प्राकृतिक गलियारों में न्यूनतम हस्तक्षेप हो, जिससे संरक्षण और विकास के बीच संतुलन बना रहे। स्थानीय रोजगार, पर्यटन और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी इससे नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी





























