रिपोर्ट: सौरभ निगम, प्रयागराज ब्यूरो, 1 जून 2025 — धर्म, ज्ञान और न्याय की तपोभूमि तीर्थराज प्रयागराज आज ऐतिहासिक साक्षी बना, जब भारत के मुख्य न्यायाधीश माननीय न्यायमूर्ति श्री भूषण रामकृष्ण गवई की गरिमामयी उपस्थिति में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के नवनिर्मित अधिवक्ता चैंबर्स और मल्टीलेवल पार्किंग भवन का भव्य उद्घाटन संपन्न हुआ।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य न्यायाधीश का भव्य स्वागत किया और अधुनातन न्यायिक अधोसंरचना के उद्घाटन को प्रदेश की न्याय व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। कार्यक्रम में माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अर्जुन राम मेघवाल, उच्चतम न्यायालय एवं उच्च न्यायालय के अन्य न्यायमूर्तिगण, न्यायिक अधिकारीगण, अधिवक्ता संघ के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
मुख्य न्यायाधीश ने अपने संबोधन में कहा, “यह अधिवक्ता चैंबर्स और मल्टीलेवल पार्किंग जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं न्यायिक प्रणाली को और सशक्त बनाएंगी। इससे न केवल न्याय की प्रक्रिया सुगम और तीव्र होगी, बल्कि अधिवक्ताओं के कार्य में भी व्यावहारिक सहूलियत प्राप्त होगी।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार न्यायिक प्रणाली को बेहतर और प्रभावी बनाने के लिए सतत प्रयास कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार न्यायपालिका के साथ मिलकर प्रदेश में न्याय के सुगम और समावेशी वातावरण के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
नवनिर्मित अधिवक्ता चैंबर्स अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त हैं और सैकड़ों अधिवक्ताओं को एक साथ कार्य करने की जगह उपलब्ध कराएंगे। वहीं, मल्टीलेवल पार्किंग भवन न्यायालय परिसर में पार्किंग की पुरानी समस्या का समाधान करेगा, जिससे सुगम आवागमन सुनिश्चित होगा।
इस ऐतिहासिक अवसर पर अधिवक्ता समुदाय ने सभी न्यायमूर्तिगण और सरकार का आभार व्यक्त किया और इस पहल को न्यायिक सुधार की दिशा में मील का पत्थर बताया।
कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी की ओर से सभी अधिवक्ता बंधुओं को हार्दिक बधाई एवं माननीय न्यायमूर्तियों और शासन प्रशासन को इस प्रेरक पहल के लिए शुभकामनाएं।




























